हादसे में 9 यात्रियों की मौके पर मौत
Barabanki 07 अक्टूबर (एजेंसी) आज यानि कि गुरुवार सुबह उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में बबुरी गांव के पास एक टूरिस्ट बस की ट्रक से टक्कर होने से बड़ा हादसा हो गया है। इस हादसे में 9 यात्रियों की मौके पर मौत हो गई। जबकि 27 घायल हैं। इसमें कई गंभीर हैं।
ऐसे में मौतों की संख्या बढ़ सकती है। सभी घायलों को अस्पताल शिफ्ट कराया जा रहा है। बस दिल्ली से बहराइच जा रही थी। इसमें 60-70 यात्री थे। बताया जा रहा है कि सड़क पर अचानक आई गाय को बचाने में ट्रक और बस की टक्कर हुई है।
गाड़ियों को काटकर यात्रियों को बाहर निकाला
एसपी यमुना प्रसाद ने बताया कि पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच कर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों गाड़ियों के परखच्चे उड़ गए। ट्रक में बालू लदी थी।
मौके पर जेसीबी बुलाई गई। इसके बाद बस और ट्रक को अलग-अलग किया जा सका। कई शव और यात्री बुरी तरह से फंस गए थे। कटर से गाड़ियों को काटकर यात्रियों को बाहर निकाला गया है। मृतकों की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।
घायलों को 50 हजार रुपए सहायता राशि दी
हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दुख जताया है। वहीं, जिलाधिकारी डॉ. आदर्श सिंह ने भी जिला अस्पताल पहुंच कर घायलों का हालचाल लिया।
उन्होंने मृतकों के परिजनों को दो लाख और घायलों को 50 हजार रुपए सहायता राशि दी जाने की घोषणा की है।
यह भी देखें